Saturday, 31 July 2021

गिलहरी

गिलहरी दाना खा रही है
बैठी नीम के पेड़ पर,
निगल रही है, कुतर–कुतर,
गिरा–गिरा, कुछ कुतर–कुतर।

धूप आ रही छनकर,
पत्तों से कुछ निथर–निथर,
आंख–मिचौली करती,
छुपती–दिखती निखर–निखर।

पर मनुष्य है अब भी सोता,
भुला–भुला कर धूप शहर,
अस्त–व्यस्त है, बहुत मस्त है
जमा–जमा कर, भरकर घर।

कोरोना माता आई दिखलाने आइना,
जाता मानव तू क्यूं न सुधर,
यह घर है हम सबका मिलकर
नही तुम्हारा बस अधिकार।

जब भी भरे पाप का मटका
तुमको भरना होगा कर,
यही है संदेश सुनाती
गिलहरी डाल पर उछल–उछल।

डर का घर

मैं घर मे डर से
डर डर के घर मे
डर के घर मे
मै डरकर घर मे

निकलूं डर डर के
घर से मै
फिर डर कर 
मै घर पहुंचूं।

मै घर छोड़ूं तो डर छोड़ूं
मै डर छोड़ूं तो घर छोड़ूं,
पर डर है मन मे
मन है डर मे,

डर को कही छोड़ आऊं भी
तो मन पर कैसे काबू पाऊं,
मै मन के बस मे
मन है डर मे,
डर से मन है कुछ बस मे।

मन जब तक मनमानी मे
तब तक डर है मन मे।

जब मन छोड़ूं, तब डर छोड़ूं।


टहलाना

मन मुझको टहला लाता है,
दृश्य अनोखे दिखा–दिखाकर
कुछ लुभावने कुछ डरा–डराकर।

कुछ करने की कोशिश करते,
कुछ पाने की इच्छा रखते,
मन रखता है जगा–जगाकर।

मानस–पटल, चित्रपट कोरा,
उसपर रंग कई बिखराकर,
मै बन जाता सत्य का चिंतक,
कुछ टूटे टुकड़े उठा–उठाकर।

मन मे राम नही बैठे तो,
मुझको माया नचा–नचाकर,
बना मुझे अंबर का राजा
दीन–हीन सबको बतलाकर,
कुछ नैतिकता का आडंबर
और कहीं पर दरकिनार कर,
मुझको मेरा मन ठगता
राम राह से हटा–हटाकर।

शांति

लिखते तुलसीदास भी थे
लिखा बाबा साहेब ने भी,
भक्ति मीराबाई भी की
शक्ति आह्वान राम ने भी,

चलते गुरु नानक भी थे
चलते गांधी बापू भी,
पढ़ते प्रेम चंद भी थे
पढ़ते नन्हे बालक भी,

गाती माता लता भी हैं
गाते कबीर दास जी भी,
बजाते बिस्मिल्लाह साहब
और गाल बजाते राही भी,

राम–नाम लेती चिड़ियां भी
राम नाम सब प्राणी भी,
दान किया कर्ण ने सब
दान दिया सिया ने भी,

मुस्काते रघुनाथ भी थे
मुस्काते थे बुद्धा भी,
जीवन जीते थे वो सब
जीवन जीते हम सब भी।



बेरोजगार

कहते कहते कर दिया
लोगों ने बेरोजगार

कोई कहे साहब
कोई बाबू कोई सरकार,
कोई कहे भगवान
जिसके दया की दरकार,

कोई कहे की
काम क्या छोटा करोगे आप,
कोई कहे की आप क्यूं
पैदल रहे जग नाप?

कोई कहे की पांव
नाजुक हैं बड़े सरकार के,
साइकिल चला कर
कर रहे क्यूं,
पद दलित सम्मान को परिवार के।

कोई कहे की तीन तल्ला
ना बना तो क्या बना?
कोई कहे मोटर बिना भी
घर का रौनक क्या रहा?

कोई गोबर उठाने वाले
हाथों से दूर भगाता है,
कोई खादी धरने को
दिहाती गंवार बताता है।

कोई लिखने न दे
कोई पढ़ने न दे,
कोई बोलने न दे
कोई कहने ना दे,

कोई बच्चो के साथ मे
खेलने से मना करे,
कोई बात करने पर किसीसे
नाक भौंह सिकोड़ ले,

कोई जमीन पर सोने न दे
कोई मच्छरदानी मे
छेद कर बिगाड़ दे,
कोई कछुआ जलाकर,
सिर दर्द बढ़ा दे

ऐसे ही करते करते
मुझको भी कोई बना दिया
साहब बना कर मुझे भी 
कर दिया बेरोजगार।





बाज़ार

आज का अख़बार
घर लाया बाज़ार
हर पन्ने पर सामान,
चमकदार, चटखदार

बनाती जरूरतें,
free के इश्तेहार,
तेल है, साबुन है
कंघी है, जामुन है,

कुछ खाने के मेवे है,
मिश्रांबु, अंजीरी है,
काजू वाला बिस्किट है,
पेप्सी–कोला चिप्स हैं

मंजन है, निखार है,
शुद्ध प्रोटीन आहार है,
मल्टीविटामिन गोली है
साफी, कायम चूर्ण है।

जब खाकर हो जाओ बीमार,
वो बेच रहे उपचार,

डॉक्टर हैं, विशेषज्ञ हैं
काला–जादू, मंतर है,
आयुर्वेदी बूटी है,
संजीवनी राम से लूटी है।

संभोग में घोड़ा दौड़ेगा,
स्तन सुडौल बड़ा होगा,
लिंग खड़ा रह जाएगा
जो तू ये दवाई खायेगा।

वशीकरण के नुस्खे है,
चेहरा मरम्मत के surgeon हैं,
भागी बीवी आएगी,
बांझपन मिट जायेगी।

भगवान बनाने वाला था,
पर उसने जो कुछ नही किया
वह अखबार दिलाएगा
बाज़ार को घर पर लायेगा।

बाज़ार बड़ा बाज़ार,
जो बेचता था अख़बार,
वो बाज़ार का है मोहताज़,
रुपए की है दरकार।

अब बेचती है सरकार,
अब बेचती है व्यापार,
खुद के पांव पर जमी हुई,
अब बाज़ार ही बेचती है अख़बार।





संगेमरमर

संगेमरमर से है डर,
जमीन पर मत चल,
चल तो चप्पल पहन कर,
देख कर इधर उधर,
पांव न लग जाए,
टट्टी या कंकड़,
तू धर तू पकड़,
मत तू निकल कर चल,
है अयोध्या तेरी,
तू राम तू लक्ष्मण,
खड़ाऊ पहन,
चला जायेगा भरत।


इंतजार

कहीं तो नही मै
आ गया इस बार,
हूंक है दिल मे
है हल्का सा डर।

जो कहा नहीं तुमने,
मै सुनने को रुका तो नहीं था,
तुम चली गई बिन बताए,
मै वही खड़ा तो नही था।

अब जानने को दूर से
तुम हो बेकरार,
तुम्हे है इंतज़ार
एक कसक बेकरार,
राम हे राम!

पर सामने से आने से
और नहीं छुप पाने से
तुम्हे है कोई डर
इंतेज़ार खत्म होने से।

सुध

चित्रण: श्वेता

ना है अस्तित्व धराधर को,
ना गो का ध्यान है पालक को
ना केशव का कुंजों में मुख,
श्याम ही चातक बना हुआ है।

साधक सुर में सधा हुआ है
मुरली वादक बंधा हुआ है,
मुरली जिसके नाम बजाई
मोहन उसी में रमा हुआ है।

जो था वह था, ना मोरपखा,
वो नीलग्रीवा, वो राधाकांत,
अब वही धरा, अब जीव वही
वह जीव–शून्य, वैदेह पुण्य।

वर चाहिए

फूल चढ़ावे बंदर के
ख्वाब देखे धर्मेंद्र के,

घर मे ननद न भउजी हो
जेठ रहे ता फउजी हो,
उमर 25 के नीचे हो,
भाय–बहिन मे पीछे हो।

बाप मैं 40 पार रहे
माई स्वर्ग सिधार रहे
सेवा करे के होवे ना
एक्को परानी रोवे ना।

खेत त बावन बीघहा हो,
गऊ से बेसी पगहा हो
जाएजात के एकल वारिश हो
पपरधानी पे काबिज़ हो।

Business करे करोड़न मे
हो IAS/PCS जेबन मे
नेतन से पहचान रहे
मोदी आवाज जात रहे।

तनखो लगत गवार न हो,
हमसे छोटा बार न हो,
गाल पे चमक नूरानी हो,
शाहरुख खान से सानी हो।

एकदम नही देहाती हो
London पुर के वासी हो,
डिग्री दस–दस ले ले हो,
Phd अलग से कयिले हो।

डॉक्टरी पूरा जानत हो,
इंजीनियर के त पदावत हो,
 हिंदी बोले रूक के
भोजपुरी से रिश्ता दूर के।

अंग्रेजी बोले चाप के,
ना समझे ओकरे बाप के,
लिखे भी सुंदर आवत को,
किशोर कुमार स गावत को।

पर हमारी आगे बोले न,
घरे के बहरे डोले न,
खाना खाए मांग के
पानी पिए छान के।

पर हमारे काम के आतुर हो
और हम से कम्मे चातुर हो,
हमसे लड़त के चुप रहे
पर गांव बदे यमदूत रहे।

रोज घुमावे ले जाए,
पिक्चर देखावे ले जाए
खाना खाएं होटल के,
पानी पिए बोतल के।

नशा–पताई करत न हो,
कोई के मूंहे लगत न हो,
रही जे हमरे मुट्ठी मे,
ओसे बाँधब गट्ठी हम।

Friday, 25 June 2021

वधु चाहिए

करनी खोटा पानी बा
मन मे हेमा मालिनी बा,
सूरत चाहि चंदन के
रहे पढ़ाई लंदन के,

नोट गिने के काम रहे
सरकारी आराम रहे,
लाखन मिले दहेज मे
फूल गुलाब के सेज मे,

सास-ससुर के बिटिया हो 
रहे बराबर किटिया हो,
गुण हो छत्तीस परकारी
रकम-रकम के तरकारी,

इंजीनियर-डॉक्टर बनल रहे
बैंक अकाउंट भरल रहे,
दिनो-राते जगल रहे
ठाठ मे हमरे लगल रहे,

बाप के बंगला गाड़ी हो
१०० फुट के त केवाड़ी हो,
मोदी से पहचान रहे
गांव-घरे मे नाम रहे,

पूजा करे बिहान मे
राम रटा दे गाने मे,
छोट-बड़ा के लाज करे 
बोलत के भी लिहाज करे,

सास-ससुर से ढकल रहे,
पल्लू सर पर चढ़ल रहे
बहरिन से मुंह खोले,
हम से पहले बोले ना

जींस भी पहने आवत हो
पर साड़ी ओके भावत हो, 
खाना बनावे छप्पन भोग
दूर भगावे बहत्तर रोग,

जात-बिरादर ऊँचा हो
तनखों ऊँच न नीचा हो,
चाल-चलन मे ठीक रही
तो हमरे खातिर नीक रही।

ठिठोली

झूला झूले रज का  कित टूटे और छूटे डोरी प्रिय संग का, यह उच्छ्वास पर निःश्वास, दोलन ऊपर को अंतर मे उल्लास, भय और रोमांच  करते नृत्य  जुगलबंदी...